रुद्रप्रयाग। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बुधवार को नमामि गंगे के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नगर पालिका रुद्रप्रयाग को छह और नगर पंचायत अगस्त्यमुनि को एक स्नान घाट के रख-रखाव करने की जिम्मेदारी दी गई।
जिला कार्यालय में हुई बैठक में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि गंगा को स्वच्छ बनाए रखने के लिए गंगा किनारे पौधरोपण और नदी किनारे वॉल पेंटिंग करने के साथ-साथ क्विज प्रतियोगिताएं कराई जाएं। जो गांव नदी किनारे हैं वहां की महिला मंगल दल, युवक मंगल दल व एनजीओ के साथ गंगा स्वच्छता सम्मेलन कराएं जाए। डीएम ने कहा कि जिला गंगा संरक्षण समिति की अगली बैठक गंगा किनारे गांव में कर वहां के लोगों को गंगा स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने नगर पालिका रुद्रप्रयाग के ईओ को नगर क्षेत्रांतर्गत बने 6 व अगस्त्यमुनि को 1 घाट के रखरखाव करने के निर्देश देते हुए कहा कि घाटों की नियमित रूप से बिजली, शौचालय और साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में जल निगम श्रीनगर पालिका क्षेत्र में बन रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का फरवरी तक कार्य पूरा करने की बात कही। बैठक में जिला गंगा समिति के सदस्य राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, उप प्रभागीय वनाधिकारी महिपाल सिंह सिरोही, ईओ रुद्रप्रयाग संजय सिंह रावत, हरेंद्र सिंह, रविराज बंगारी और परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति प्रेम कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।