ऊखीमठ। दो सूत्री मांगों को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदन सिंह रावत का आमरण अनशन छठवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान अनशनकारी के स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसमें रक्तचाप की कमी और तीन किलो वजन घटना पाया गया। अनशन स्थल पर पहुंचे विधायक मनोज रावत ने उनकी पेयजल समस्या की मांग पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही ऊखीमठ-पेंज-करोखी मोटर मार्ग का निरीक्षण भी किया।
मंगलवार को विधायक मनोज रावत, तहसीलदार जयवीर राम बधाणी व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनशनकारी क्षेत्र पंचायत सदस्य से वार्ता की और मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। विधायक रावत ने किमाणा गांव में टैंक निर्माण के लिए विधायक निधि से धनराशि देने व अतिरिक्त बजट आपदा मद से पूरा करने की बात कही। इस पर, अनशनकारी रावत मान गए, लेकिन उन्होंने पैंज-करोखी मोटर मार्ग के प्रथम चरण का कार्य पूरा होने तक आंदोलनरत रहने की बात कही। कहा, कि मार्ग का जितना भी निर्माण अभी तक हुआ है, वह मानकों के अनुरूप नहीं है। इस मौके पर अनशनकारी के स्वास्थ्य की जांच भी की गई, जिसमें रक्तचाप की कमी और तीन किलो वजन घटना पाया गया। इसके बाद विधायक मनोज रावत ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ मोटर मार्ग का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को जल्द निर्माण कार्य मानकों के तहत पूरा करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मीना पुंडीर, प्रधान एमएस रावत, पूर्व प्रधान संदीप पुष्पवाण, सहायक अभियंता जीएस चौहान, प्रमोद त्रिवेदी, रजनीश त्रिवेदी, सरपंच गजपाल पुष्पवाण आदि मौजूद थे।