रुद्रप्रयाग/जखोली/रुद्रप्रयाग। श्रीदेव सुमन के शहादत दिवस पर जिले के शिक्षण संस्थाओं में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। डायट सहित अगस्त्यमुनि ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्यार्क-बरसूड़ी, प्रावि बीना सहित जखोली ब्लाक के शहीद राय सिंह बंगारी हाईस्कूल तूनेटा और ऊखीमठ के आदर्श जूनियर हाईस्कूल पठाली में आयोजित कार्यक्रम में वृहद पौधरोपण किया गया। तुनेटा में बाल संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं को श्रीदेव सुमन के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। जिला रेडक्रास समिति के अध्यक्ष दीपराज बंगारी ने छात्र-छात्राओं से रेडक्रास से जुड़कर समाज सेवा में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर विभिन्न प्रजाति के पांच सौ पौधों का रोपण किया गया। नगर पंचायत तिलवाड़ा के ईओ रविराज बंगारी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गोविंद सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुरली लाल और पूर्व प्रधान संजय बंगारी आदि मौजूद थे।