अगस्त्यमुनि। पारंपरिक वेशभूषा पहने, हाथों में घोघा माता की सजी डोलियां, निषाण, ढोल दमाऊं, और उत्साह से भरे नन्हे बच्चों की टोलियां जब नगर क्षेत्र में पहुंची तो इस क्षण का साक्षी बनने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ गई। जय घोघा माता, फ्यूंली का फूल... इस गीत पर नाचते और गाते बच्चे हर किसी का दिल छू गए। मौका था फूलदेई महोत्सव का।
रविवार को अगस्तयमुनि में दस्तक परिवार (सामाजिक संस्था) की ओर से आयोजित फूलदेई महोत्सव में आई 30 टीमों ने देवभूमि की लोक संस्कृति के साक्षात दर्शन कराए। टीम में 12 साल तक के बच्चे शामिल थे। अगस्त्यमुनि खेल मैदान से ढोल दमाऊं के साथ शुरू हुई भव्य घोघा यात्रा विजय नगर होते हुए दोबारा खेल मैदान में संपन्न हुई। इसके बाद घोघा जातरा प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसका शुभारंभ डीएम मंगेश घिल्डियाल ने किया। इस दौरान बच्चों की सजाई डोलियां और पारंपरिक वेशभूषा ने हर किसी को आकर्षित किया। चैता की चैत्वाली...गीत पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति कर राजकीय प्राथमिक विद्यालय बैनोली की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य टीमों ने घोघा, फ्योली व बुरांस पर आधारित लोक गीत व लोक नृत्य की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुरूकुल नेशनल स्कूल अगस्त्यमुनि द्वितीय और ओंकारानंद मांटेसरी पब्लिक स्कूल जखोली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि नन्हें बच्चों की ओर से जिस उत्साह के साथ पारंपरिक रीति-रीवाजों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, वह सुखद है। उन्होंने विजेता सहित अन्य प्रतिभागी टीमों और आत्मनिर्भर व कर्मठ क्यार्क बरसुडी (बसुकेदार) की आशा नेगी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गिरीश बेंजवाल, ओम प्रकाश चमोला, लोक कवि सुधीर बर्त्वाल, दीपक बेंजवाल, कुसुम भट्ट, गजेद्र रौतेला, हरीश गुसाई, नरेंद्र सिंह रौथाण, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्य, गंगाराम सकलानी आदि मौजूद थे।
>>>>>>>>>>>>>>>
फुलारी महोत्सव में 38 टीमों ने किया प्रतिभाग
गुप्तकाशी। होली हिमालयन की ओर से फुलारी महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें केदारघाटी के अलग-अलग क्षेत्रों की 38 टीमों ने प्रतिभाग किया। विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के उपरांत सभी टोलियां मुख्य बाजार पहुंची। यहां पर पथ प्रदर्शन के उपरांत सभी टीमें पुन: मंदिर में पहुंची। जहां फुलारी महोत्सव के तहत लोक संस्कृति पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिता में मैखंडा के आशुतोष प्रथम, चंद गांव के संजय द्वितीय और गुप्तकाशी की नर्सिंग मंगलम की टीम तीसरे स्थान पर रही। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, डा. हर्षवर्धन बेंजवाल, ग्राम प्रधान मदन अग्रवाल, होली हिमालय अध्यक्ष सुश्री लता बिष्ट, प्रदीप सेमवाल, बीपी बमोला व सतेंद्र भंडारी आदि मौजूद थे।