रुद्रप्रयाग। 29 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा में बाबा केदार के भक्तों को प्रसाद के रूप में चौलाई का लड्डू भेंट किया जाएगा। प्रसाद को तैयार करने व विक्रय के लिए प्रशासन ने केदारनाथ प्रसाद संघ का गठन किया है। इस संघ का श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के साथ एमओयू कराया जाएगा, जिससे अन्य प्रसाद नहीं चढ़ सके।
केदारनाथ यात्रा में प्रसाद को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि इस वर्ष से केदारनाथ में चौलाई के लड्डू का प्रसाद चढ़ाया जाएगा और भक्तों को वितरित किया जाएगा। प्रसाद बनाने के इच्छुक जिले में कार्यरत गैर सरकारी संस्थाएं व अन्य कोई भी संस्थान भी केदारनाथ प्रसाद संघ से संपर्क कर सकते हैं। बताया कि चौलाई के लड्डू की बिक्री से जो भी लाभ प्राप्त होगा, उसका लाभांश इस कार्य से जुड़े हुए प्रत्येक कार्मिक को दिया जाएगा। प्रसाद के लिए सोनप्रयाग व केदारनाथ में स्टोर खोले जाएंगे। चौलाई के लड्डू बनाने वाली संस्थाओं को एफएसएसएआई (फूड सेफ्टी एंड स्टैर्डड अथौरिटी ऑफ इंडिया) से लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है। प्रसाद की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं हो, इसके लिए आजिविका को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी एनएस रावत, डीडीओ एएस गुज्याल, पीई एमएस नेगी सहित एनजीओ व आजीविका के प्रतिनिधि आदि मौजूद थे।