रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश से ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ में दोपहर बाद से बंद हो गया। छांतीखाल-दैजीमांडा बाईपास से वाहनों की आवाजाही की जा रही है। इसके अलावा जिले में 6 संपर्क मार्ग भी बंद हो गए हैं। बारिश से जनजीवन व्यापक रूप से प्रभावित हो गया है।
बीते बृहस्पतिवार देर शाम से शुरू हुई बारिश शनिवार दिनभर होती रही, जिससे हाईवे व संपर्क मार्ग भूस्खलन व भू-धंसाव से बंद होने लगे हैं। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ में भारी मलबा आने से बंद हो गया है। जबकि रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे कई जगहों पर संवेदनशील हो गया है। दूसरी तरफ जनपद में ममणी-जखोली, ग्वाड़-पोखरसारी, तिलवाड़ा-बावई, रतनपुर-स्वीली-दरमोला तथा पीएमजीएसवाई रुद्रप्रयाग बाडव मल्ला-कांदी व गुलाबराय-तूना मोटरमार्ग भी बंद हो गए हैं। इन मार्गों पर कई वाहन फंसे हुए हैं। इससे ग्रामीणों की आवाजाही पूर्ण रुप से ठप हो गई है। वहीं बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि मौसम में सुधार होते ही बंद सड़कों को खोल दिया जाएगा।