शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा, 218 रहे अनुपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/रुद्रप्रयाग। पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार को चमोली जिले के सात और रुद्रप्रयाग जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर हुई। चमोली जिले में सभी केंद्रों पर 1858 और रुद्रप्रयाग में 1252 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों केंद्रों पर कुल 218 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
चमोली जिले में पंजीकृत 1989 अभ्यर्थियों के लिए सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पीजी कॉलेज गोपेश्वर, एसजीआरआर गोपेश्वर, जीजीआईसी गोपेश्वर, रामचंद्रभट्ट विद्यामंदिर गोपेश्वर, बीटेक काॅलेज कोठियालसैंण गोपेश्वर, जीआईसी गोपेश्वर, पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर में आयोजित परीक्षा में 1858 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 131 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम विवेक प्रकाश ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
रुद्रप्रयाग जिले में छह परीक्षा केंद्रों पर पुलिस आरक्षी की लिखित परीक्षा हुई। पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने बताया कि जिले में पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग, अनूप नेगी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, श्रीगुरुराम राय पब्लिक स्कूल, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज रतूड़ा और पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्तयमुनि में पुलिस आरक्षी की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 1339 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 1252 ने परीक्षा दी। 87 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। सभी केंद्रों पर गठित चेकिंग दलों के ने अभ्यर्थियों की चेकिंग की।