रुद्रपुर में लायंस क्रिकेट अकादमी की ओर से सिडकुल क्रिकेट कप का आगाज हो गया है। पहले दिन हुए मुकाबले में जय हिंद ऑटो की टीम ने ब्रिटानिया की टीम को 63 रनों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
शुक्रवार को शारदा हेल्थ पार्क में प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी हितेंद्र त्रिपाठी ने किया। त्रिकोणीय क्रिकेट कप का उद्घाटन मैच ब्रिटानिया और जय हिंद ऑटो के मध्य खेला गया। जय हिंद ऑटो टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 20 ओवरों में 154 रन बनाए। जय हिंद टीम के लिए कप्तान तेज राम बघेल ने 28 गेंदों में 51 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी टीम के लिए अनुराग ने 30 रन बनाए। ब्रिटानिया के गेंदबाज दिनेश जोशी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ब्रिटानिया की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 91 रन ही बना सकी। अपनी टीम के लिए नारायण ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। वहां पर ब्रिटानिया कंपनी के एचआर हेड सोनी चौहान, अशोक लीलेंड कंपनी हेड प्रदीप कुमार, सुधांशु उपाध्याय, कैलाश बिष्ट, नवीन टम्टा, राजेश मिश्रा, हरेंद्र राव, राजन शर्मा, पंकज पांडेय आदि थे।