रुद्रपुर शहर में राशन की एक दुकान पर लगे अनियमितताओं के आरोप जांच के बाद खारिज कर दिए गए। डीएम के आदेश के बाद पूर्ति विभाग ने निलंबित दुकान को बहाल कर दिया गया है। अब इस महीने का राशन बहाल दुकान से ही बंटेगा।
पूर्ति निरीक्षक अनीता तिवारी ने बताया कि बीते दिसंबर को रविंद्रनगर क्षेत्र की सहकारी सस्ता गल्ला विक्रेता रेखा मंडल के खिलाफ कार्डधारकों ने राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 24 दिसंबर को दुकान को निलंबित कर डीएम डॉ. नीरज खैरवाल को रिपोर्ट भेजी थी। साथ ही यहां के उपभोक्ताओं को जगतपुरा की सहकारी सस्ता गल्ला विक्रेता राजेंद्र शर्मा की दुकान से अटैच कर दिया गया था। बाद में तहसीलदार अमृता शर्मा की जांच में मामला दुकानदार के दुर्व्यवहार का निकलने पर डीएम ने दुकान बहाल करने के निर्देश दिए। इस पर विक्रेता रेखा मंडल को उपभोक्ताओं से बेहतर व्यवहार करने की हिदायत देते हुए दुकान बहाल कर दी गई है। बताया कि दुकान से करीब 250 राज्य खाद्य सुरक्षा और 190 राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के कार्डधारक जुड़े हैं। बताया कि इस महीने से रविंद्रनगर राशन की दुकान पर रेखा मंडल द्वारा राशन वितरित किया जाएगा।