रुद्रप्रयाग। फिल्म केदारनाथ में बाल कलाकार के रूप में अभिनय कर रहे अक्षत भट्ट ने शूटिंग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। अक्षत ने फिल्म को अपना बड़ा ब्रेक बताते हुए स्थानीय कलाकारों के लिए भी उपलब्धि बताया।
बाबा केदार की यात्रा पर आधारित फिल्म ‘केदारनाथ’ में अपनी 15 दिन की शूटिंग के बाद अक्षत भट्ट श्रीनगर लौट गए है। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने फिल्म शूटिंग से जुड़े अपने अनुभव बताए। फिल्म में अक्षत मुख्य नायक सुशांत राजपूत के छोटे भाई देबू का रोल निभाया है। अक्षत ने बताया कि फिल्म के हर दृश्य में निर्देशक अभिषेक कपूर, लाइन प्रोड्यूसर अमित मेहता व टीम का उन्हें पूरा सहयोग मिला। अपने डॉयलाग कैसे याद करने हैं, इसके बारे में अभिनेता सुशांत व अभिनेत्री ने उन्हें कई टिप्स दिए। अक्षत कहते हैं कि इस फिल्म से जुड़कर उन्होंने सहभागिता का गुर सीखा, जो पूरे जीवन में काम आएगा। कक्षा 5वीं में पढ़ने वाले 11 वर्षीय बाल कलाकार ने शूटिंग में 5-6 दिन लगातार रात 10 से अगली सुबह 6 बजे तक भी काम किया, जिसे उन्होंने अपने लिए सबसे यादगार पल बताया।
अक्षत का मानना है कि केदारनाथ फिल्म, पहाड़ की प्रतिभाओं को एक्टिंग के क्षेत्र में आने के लिए प्रोत्साहन का काम करेगी। अक्षत के पिता व रंगकर्मी डा. राकेश भट्ट का कहना है कि क्षेत्रीय सिनेमा से जुड़े लोगों को भी फिल्म निर्माण की तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त कर संसाधन जुटाने चाहिए, जिससे यहां भी अच्छी फिल्में बन सके। फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर अमित मेहता बताते हैं रुद्रप्रयाग सहित पूरे प्रदेश में फिल्म और सीरियल निर्माण की संभावनाएं हैं, इसके लिए शासन, प्रशासन और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों को आगे आना होगा।