पंतनगर। कृषि महाविद्यालय के उद्यान विभाग में उद्यान प्रसार के प्रोफेसर डॉ. पीएन सिंह पंतनगर विवि के नए निदेशक प्रसार शिक्षा बनाए गए हैं। कुलपति की स्वीकृति के बाद अपर मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. अजय कुमार पांडे ने सोमवार को इस आशय के आदेश जारी किए हैं।
डॉ. सिंह मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। कार्मिक विभाग के आदेश में निवर्तमान निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. वाईपीएस डबास को निर्देशित किया कि वह अपना दायित्व डॉ. पीएन सिंह को सौंप दें।
बताते चलें कि निवर्तमान निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. वाईपीएस डबास ने अधिष्ठाता पशु चिकित्सा महाविद्यालय का दायित्व ग्रहण कर रखा है। अब नए निदेशक प्रसार शिक्षा का दायित्व वरिष्ठता के आधार पर कुलपति ने डॉ. पीएन सिंह को दिया है।
उन्होंने कहा कि नए कुलपति डॉ. तेज प्रताप ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. पीएन सिंह ने बताया कि पूरे राज्य में सभी कृषि विज्ञान केंद्रों को सुदृढ़ किया जाएगा।
विवि और उत्तराखंड राज्य में प्रसार कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। कर्मचारियों, अधिकारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निदान करेंगे। किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। सभी फैसले गुण दोष के आधार पर लिए जाएंगे।