रुद्रप्रयाग। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बुधवार को शिक्षा, बाल विकास व चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अगस्त्यमुनि ब्लाक की उप खंड शिक्षा अधिकारी के संबंध में शिकायत मिली की उन्होंने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का बिना कारण वेतन रोका है। इस पर डीएम ने डीईओ बेसिक डा. विद्याशंकर चतुर्वेदी को उप खंड शिक्षा अधिकारी नंदा चंद्रा का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। उन्होंने चंद्रा से वेतन रोकने के कारणों के बारे में भी जानकारी मांगी। डीएम ने केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियमित उपस्थित नहीं होने पर डीपीओ का स्पष्टीकरण भी मांगा।
समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि निर्देशों के बाद भी शिक्षा व चिकित्सा विभाग अपनी व्यवस्थाएं नहीं सुधार रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से बरसाती मौसम में बरती जा रही सावधानियों के बारे में पूछा। डीएम ने उल्टी, दस्त, बुखार व अन्य कारणों से शिशुओं की मृत्यु के बारे में एएनएम की ओर से सीएचसी प्रभारी को जानकारी नहीं देने पर स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने परिवार नियोजन अभियान में सहयोग नहीं करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से भी जवाब मांगा। डीएम ने सीएमओ को ऊखीमठ ब्लाक के दूरस्थ गांवों को टेलीमेडिसन सेवा से जोड़ने के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। इस मौके पर जलसंस्थान को पेयजल स्टोर टैंकों की सफाई करने को कहा, जिससे जल संक्रमण से बचा सके। बैठक में सीएमओ डा. एसके झा, सीएमएस डीसी सेमवाल, एसीएमओ डा. ओपी आर्य और डीईओ माध्यमिक एलएस दानू आदि मौजूद थे।