रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के बच्छणस्यूं पट्टी सहित पौड़ी जिले के चलणस्यूं पट्टी के 60 से अधिक गांवों को इस वर्ष बैंक सुविधा मिल जाएगी। खेड़ाखाल में जनवरी के अंत या फरवरी माह में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा और एटीएम का शुभारंभ हो जाएगा। प्रशासन ने लीड बैंक अधिकारी को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा है। यहां बैंक शाखा खुलने से ग्राम पंचायत नवासू, बंगोली, निषणी, मरगांव, गहड़, नौना-दानकोट सहित करीब 60 गांवों को लाभ मिलेगा। लीड बैंक अधिकारी एसएस तोमर ने बताया कि बैंक शाखा के संचालन को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं।