20 चिकित्सकों के भरोसे हैं स्वास्थ्य सेवाएं
खांसी, जुकाम, बुखार और गले में दर्द के मरीज बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में चिकित्सकों की कमी अब भी बनी हुई है। अस्पताल में डॉक्टरों के 17 पद रिक्त हैं जबकि वर्तमान में 20 चिकित्सक तैनात हैं। इसके बावजूद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 150 मरीजों की ओपीडी होती है।
अस्पताल में इन दिनों सबसे अधिक मरीज खांसी, जुकाम, बुखार और गले में दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। डॉ. मनीष ने बताया कि ओपीडी में इन मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक आ रही है। चिकित्सकों की कमी को लेकर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि कुछ चिकित्सक उच्च शिक्षा के लिए बाहर गए हुए हैं। उनका कोर्स पूरा होने के बाद वे लौट आएंगे। उन्होंने इसी माह के अंत तक चिकित्सकों की तैनाती होने की संभावना भी जताई है।
शीघ्र हो चिकित्सकों की तैनाती: मोहित डिमरी
रुद्रप्रयाग। युवा नेता मोहित डिमरी ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता की और जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और ईएनटी विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। इससे विशेषकर गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जिला अस्पताल में रिक्त पदों पर शीघ्र चिकित्सकों की तैनाती करने और विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था करने की मांग की। संवाद