रुद्रप्रयाग। लोकसभा चुनाव के तहत मतदान में मॉडल सहित अन्य कई बूथों पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी छात्राओं ने तिलक लगाकर मतदाताओं का स्वागत किया। साथ ही वृद्ध मतदाताओं के बैठने की व्यवस्था के साथ ही उन्हें जलपान भी कराया।
जनपद में एनएसएस की 32 यूनिट में 20 यूनिट के स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं की अलग-अलग पोलिंग बूथों पर 4 से 8 सदस्यों की टीम में तैनात रही। एनएसएस टीम द्वारा पोलिंग बूथों पर मतदाताओं का स्वागत कर जरूरतमंद की मदद की गई। छात्रों ने कई वृद्ध व अशक्त मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक पहुंचाने व पुन: घर भेजने में भी मदद की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संयोजक जगदीश टम्टा ने बताया कि तैनात सभी स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने पोलिंग बूथ में पारंपरिक रीति-रीवाज के साथ मतदाताओं का स्वागत करते हुए सराहनीय कार्य किया है।