रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे। इस दौरान कार्यदायी संस्थाओं द्वारा बर्फ हटाने का कार्य जोरों पर किया गया। धाम में अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री व न्यूनतम माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ पूर्वाह्न तक सूरज और बादलों की आंखमिचौली होती रही, लेकिन बाद में घने बादल छा गए। इस दौरान बर्फबारी की संभावना भी बनी रही, लेकिन देर शाम तक मौसम ऐसा ही बना रहा। इस दौरान आदिगुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल का पुनर्निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था वुड स्टोन कंपनी के मजदूरों द्वारा बर्फ सफाई का कार्य जोरों पर किया गया। निर्माण सामग्री के स्टोर के साथ ही अन्य जगहों पर बर्फ सफाई की गई। धाम में मौजूद कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि धाम में अब भी सात फीट से अधिक बर्फ मौजूद है। कार्यस्थलों पर पूरी तरह से बर्फ साफ करने में कम से कम दो दिन और लगेंगे, तभी पुन: निर्माण कार्य शुरू हो पाएंगे। इधर, रुद्रप्रयाग सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी दिनभर हल्के बादल छाए रहे। ब्यूरो