गुप्तकाशी। कालीमठ घाटी को जोड़ने वाला गुप्तकाशी-कालीमठ मोटर मार्ग आठ दिन से बंद है। बरसाती गदेरे के तेज बहाव और निर्माणाधीन जग्गी-बगवान मार्ग के मलबे से मोटर मार्ग को व्यापक क्षति पहुंची है। सड़क के अवरुद्ध होने से क्षेत्र के गांवों तक जरूरी सामग्री की सप्लाई नहीं हो रही है।
कालीमठ, कोटमा, चौमासी, जाल तल्ला व मल्ला सहित क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों के 13 गांवों की करीब 5 हजार आबादी को जोड़ने वाला गुप्तकाशी-कालीमठ-कोटमा-चौमासी मोटर मार्ग बरसात से जगह-जगह पर खस्ताहाल हो रखा है। पीएमजीएसवाई द्वारा निर्माणाधीन जग्गी-बगवान मार्ग की कटिंग से निकल रहे मलबे और बरसाती गदेरे के उफान से भैरवघाटी में स्थिति खतरनाक बनी हुई है। सड़क का करीब 20 मीटर हिस्सा अधिकांश ढह चुका है, जिसके चलते वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। ग्राम प्रधान गीता देवी, केएस राणा, एएस राणा, सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश भट्ट, संदीप भट्ट, एमएस चौहान आदि ने बताया कि कालीमठ घाटी को यातायात से जोड़ने वाला यह एकमात्र मार्ग है। विगत आठ दिनों से यातायात ठप होने से लोग परेशान हैं। स्कूली बच्चे और जरूरतमंद लोग जंगल के रास्ते मीलों पैदल रास्ता तय कर स्कूल व बाजारों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मार्ग पर जल्द यातायात बहाल करने की मांग की है। इधर, अधिशासी अभियंता मनोज दास ने बताया कि मौसम में सुधार होते ही मार्ग को ठीक कर दिया जाएगा।