ऊखीमठ। पांच सूत्री मांगों का निराकरण न होने से नाराज केदारनाथ लोनिवि ठेकेदार महासंघ ने शासनादेश की प्रतियां जलाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही 35 दिन से चला आ रहा आंदोलन भी स्थगित कर दिया है।
तहसील परिसर में आंदोलित ठेकेदारों ने सरकार की ओर से जारी शासनादेश में मांगपूर्ति को लेकर स्पष्ट बातें नहीं होने पर विरोध किया। इस दौरान उन्होंने शासनादेश की प्रतियां जलाकर नारेबाजी भी की। कहा कि एक माह से ठेकेदार ई-टेंडरिंग का विरोध करने के साथ ही बड़ी निविदाओं को छोटे भागों में विभाजित करने, पंजीकरण को पूर्व की भांति रखने, जीएसटी की दरों को कम करने की मांग कर रहे हैं, बावजूद इसके एक पर भी कार्रवाई नहीं की गई है। इस मौके पर शत्रुघ्न सिंह नेगी, आंनद नेगी, नरेंद्र पंवार, कुलदीप कंडारी, जय सिंह चौहान, सतीश मैठाणी, कुंवर सिंह नेगी, हरेंद्र राणा, विनोद रावत, करमवीर बर्त्वाल आदि ठेकेदार मौजूद थे।