रुद्रप्रयाग। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कोठगी में भारत स्काउट एवं गाइड का चार दिवसीय तृतीय सोपान जांच शिविर संपन्न हो गया। शिविर में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 71 स्काउट, 67 गाइड और 22 स्काउटर्स एवं गाइडर्स ने प्रतिभाग किया।शिविर में छात्र-छात्राओं को स्काउट नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झंडा गीत, गांठ बांधने, प्राथमिक चिकित्सा, ट्रैकिंग और टेंट निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही विपरीत परिस्थितियों में कम संसाधनों के साथ जीवनयापन करने के तरीके सिखाए गए। तीसरे दिन कैंप फायर में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
समापन समारोह में प्रधानाचार्य वाईएस रावत ने शिविर में सीखे अनुशासन, कौशल और सेवाभाव को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। स्काउट कमिश्नर एसएस रावत ने सहयोगियों का आभार जताया, जबकि डीओसी स्काउट धनंजय भंडारी ने शिविर की आख्या प्रस्तुत की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मानवेंद्र नेगी, पीटीए अध्यक्ष विजय लाल, उपप्रधान नितेश, डीओसी गाइड सुधा उनियाल, जिला सचिव सोमनाथ पोस्ती, डीटीसी स्काउट राजेश बिष्ट, डीटीसी गाइड हेमलता बिष्ट, मीडिया प्रभारी शीशपाल पंवार, प्रशासनिक अधिकारी साक्षी वर्मा और सत्येंद्र सिंह नेगी सहित शिक्षक, प्रशिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।