रुद्रप्रयाग। जिले में बारिश के कारण दो राज्य मार्ग समेत 16 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, एसएच की दो, लोनिवि की छह, पीएमजीएसवाई की सात और एनपीसीसी की एक सड़क बंद है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्गों पर बुधवार को यातायात सुचारु रहा। बंद राज्य मार्गों में मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग और गुप्तकाशी-कालीमठ-कोटमा-जाल चौमासी मोटर मार्ग शामिल हैं। यहां भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हुआ। इसके अलावा लोनिवि, पीएमजीएसवाई और एनपीसीसी की सड़कें भी बंद होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि सड़क मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मार्ग अवरुद्ध होने या क्षति की सूचना पर लोगों को भी सचेत किया जा रहा है। संवाद