गोपेश्वर/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड सेवा चयन आयोग की ओर से 19 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए चमोली जिले में 16 और रुद्रप्रयाग जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी के निर्देश पर जिले के परीक्षा केंद्रों में शांति व्यवस्था बनाए जाने को लेकर परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में धारा 163 लगाई गई है। परीक्षा केंद्र के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग भी वर्जित रहेगा। यह आदेश 18 जनवरी को शाम 6 से 19 को शाम 5 बजे तक लागू रहेगा। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में भी परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसडीएम आशीष चंद्र घिल्डियाल ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए दस परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।