रुद्रपुर। खटीमा की मैसर्स पॉलीप्लेक्स कॉरपोरेट कंपनी और पॉलीप्लेक्स एंप्लॉयज यूनियन इंटक के श्रमिकों के बीच छह माह से वेतन बढ़ोतरी को लेकर चल रही मांग पर सोमवार को समझौता हो गया। समझौता वार्ता के बाद के श्रमिकों के बीच खुशी की लहर है।
पॉलीप्लेक्स कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच छह महीनों से वेतन बढ़ोतरी को लेकर वार्ता चल रही थी। लेकिन वार्ताओं का कोई हल न निकलने पर सोमवार को पॉलीप्लेक्स कंपनी प्रबंधन और श्रमिक समझौता वार्ता के लिए रुद्रपुर स्थित उपश्रमायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां सहायक श्रमायुक्त उम्मेद सिंह चौहान की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच लंबी समझौता वार्ता चली।
सहायक श्रमायुक्त ने कंपनी प्रबंधन व श्रमिकों के बीच समझौता कराया। सहायक श्रमायुक्त ने चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के मध्य में समझौते के तहत वेतन वृद्धि सौ प्रतिशत कर्मचारियों पर लागू होगी। मेडिकल बीमे की सुविधा कंपनी में लागू मेडिकल बीमा पॉलिसी के अंतर्गत समकक्ष ग्रेड के अनुसार लागू की जाएगी। साथ ही पॉलीप्लेक्स कंपनी के हाई स्कूल उत्तीर्ण श्रमिकों को डब्लू फोर तक पदोन्नति दी जाएगी। लेकिन वरीयता इंटरमीडिएट एवं आईटीआई उत्तीर्ण श्रमिकों को ही दी जाएगी।
चौहान ने कहा कि समझौता वार्ता में कई अन्य बिंदुओं पर भी दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। वहां पर दिनेश वर्मा, आनंद सिंह, विवेक झा, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, राम बिलास, जय प्रकाश, नरेश यादव, राजेश कुमार, राम सागर, राम प्रवेश, प्रेम सिंह आदि थे।