रुद्रप्रयाग। जनपद के सभी निकाय क्षेत्रों में 24 से 30 जून तक कूड़ा पृथककरण सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही निकाय प्रबंधन को भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि स्थानीय निकायों में वार्ड सभासदों, जनप्रतिनिधि, एनएसएस के छात्र-छात्राएं, व्यापारियों व स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को कूड़े को अलग-अगल करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में निकाय क्षेत्रों में घरों से ही सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग प्राप्त होगा, जिससे खाद बनाने व अन्य कंपोस्ट में आसानी होगी। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जैविक कूड़े के गड्ढे में प्लास्टिक व अजैविक सामग्री नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित अधिशासी अधिकारी स्वयं गड्ढे से वह सामग्री निकालेगा। बैठक में जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग को छोड़कर अन्य जिन स्थानों में नालियों का पानी नदियों में गिर रहा है, उन्हें चिहिृृत करते हुए कार्य योजना बनाने के सिंचाई व स्वजल विभाग को आदेश दिया गया। इस मौके पर डीएफओ मयंक शेखर, प्रभारी अधिकारी मायादत्त जोशी, ईई सिंचाई पीएस बिष्ट, सीईओ सीएन काला, डीईओ एलएस दानू, डीईओ डॉ.विद्याशंकर चतुर्वेदी, पर्यावरणविद् पीएस मटूडा, राजेंद्र गोस्वामी मौजूद थे।