रुद्रप्रयाग। बीते मंगलवार को केदारनाथ में हेली कंपनी स्टॉफ की लापरवाही से हुई यात्री की मौत के मामले में जिला प्रशासन को अभी तक यात्रा मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। वहीं, पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ अभय कुमार तथ्यों की जानकारी जुटा रहे हैं।
मृतक की पत्नी द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यात्री की तबियत और गंभीर हालत से जुड़े तथ्य जहां केदारनाथ में संचालित सिक्स सिग्मा अस्पताल से जुटाए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने धाम में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट से भी घटनाक्रम के बारे में जानकारी प्राप्त की है। पुलिस द्वारा हेली कंपनी के स्टॉफ से भी मामले के बारे में पूछताछ की जाएगी। इसके बाद एसपी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। दूसरी तरफ घटना के दो दिन बाद भी यात्रा मजिस्ट्रेट कमलेश मेहता की रिपोर्ट जिला प्रशासन को नहीं मिल पाई है। इधर, अपर जिलाधिकारी अरविंद पांडे ने बताया कि यात्रा मजिस्ट्रेट द्वारा मौखिक रूप से घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी गई थी, लेकिन अभी तक लिखित रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है। दूसरी तरफ एसपी अजय सिंह ने बताया कि जांच अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक द्वारा इस मामले में केदारनाथ में आवश्यक बयान लिए जा रहे हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।