रुद्रप्रयाग। बसुकेदार तहसील के राजकीय इंटर कालेज पठालीधार में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शिक्षक छात्रा को पहले स्थानीय चिकित्सालय और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जरूरी औपचारिकताओं के बाद छात्रा की गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
मंगलवार को डडोली गांव निवासी कमल सिंह नेगी की 14 वर्षीय पुत्री आंचल रोज की तरह सुबह सात बजे घर से जीआईसी बसुकेदार के लिए रवाना हुई। करीब 7.40 बजे वह स्कूल में पहुंची और अपना बैग कक्षा में रखने के लिए कमरे में गई, लेकिन बैग कुर्सी पर रखते ही वह गश खाकर जमीन पर जा गिरी। छात्र-छात्राओं ने घटना की जानकारी शिक्षकों को दी। शिक्षक सुधीर बर्त्वाल, एस मोहम्मद, धीर सिंह गुसाई उसे तत्काल नजदीकी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र पठालीधार ले गए। छात्रा का ब्लड प्रेशर काफी होने से फार्मेसिस्ट द्वारा उसे तुरंत हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। सूचना पर छात्रा के पिता भी वहां पहुंच गए। शिक्षकों द्वारा 8.30 बजे उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। स्कूल में छात्रा को श्रद्धांजलि देने के बाद छुट्टी कर दी गई।
शिक्षक सुधीर बर्त्वाल ने बताया कि आंचल विज्ञान वर्ग की मेधावी छात्रा थी। विद्यालय में होने वाली शैक्षणिक गतिविधियों में प्रतिभाग करने में भी वह सबसे आगे रहती थी।