ऊखीमठ। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की टीम ने मक्कू बैंड में तीन अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इस दौरान वन कर्मियों की स्थानीय व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ तीखी नोक-झोंक भी हुए।
मंगलवार को वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में 9 सदस्यीय विभागीय टीम मौके पर पहुंची। टीम ने यहां पहले से चिहिृृत किए गए तीन कच्चे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। इस दौरान स्थानीय कारोबारियों ने विभाग की कार्रवाई पर रोष जताया। वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के वन विभाग के अधिकारियों से निर्माण तोड़ने का लिखित आदेश मांगने पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। लोगों का कहना था कि एक तरफ सरकार पर्यटन और तीर्थाटन से रोजगार को बढ़ावा देने की बात कह रही है। दूसरी तरफ प्रशासन और वन विभाग अवैध अतिक्रमण के नाम पर क्षेत्र में लोगों का रोजगार छीन रहे हैं। व्यापारी रघुवीर सिंह राणा ने बताया कि वह बीते 40 वर्षों से मक्कू बैंड में चाय की दुकान चलाते आ रहे हैं। यही उनकी आजीविका का मुख्य साधन था, लेकिन विभाग की कार्रवाई से रोजगार चौपट हो गया है। इधर, रेंजर रावत ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।