रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि के तल्लानागपुर पट्टी के स्यूंड, सतेराखाल के जंगलों में बुधवार देर शाम को लगी आग से वन संपदा जल गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाई।
बुधवार को देर शाम स्यूंड, सतेरा, सिल्ली, थलासू, चामक आदि गांवों के वन क्षेत्र में वनाग्नि भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग वन क्षेत्र में फैल गई। रात आठ बजे गांवों के युवक व महिला मंगल दल के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। वहीं, जंगल की कुछ वनस्पति आग में जल गई। विनोद प्रसाद डिमरी, देवेश सेमवाल, हिमांशु सेमवाल, मुकेश जगवाण, रघुवीर जगवाण, पुष्पा डिमरी, केएन सेमवाल आदि ने बताया कि बुधवार रात 12 बजे के बाद वनाग्नि पर काबू पाया जा सका। उन्होंने वन विभाग की ओर से फायर सीजन में गश्त नहीं किए जाने पर रोष जताया। बृहस्पतिवार को भी क्षेत्र के जंगलों में धुआं उठता रहा। चौकी-बर्सिल के जंगलों में भी आग से भारी नुकसान हुआ है।