रुद्रप्रयाग। चीनी सामान के बहिष्कार को लेकर स्टॉप टीयर्स संस्था की ओर से व्यापार संघ के साथ जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस मौके पर व्यापारियों व आमजन से चीनी वस्तुओं को नहीं खरीदने की अपील की गई।
संस्था संयोजक प्रमोद बमराड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने व्यापार संघ अध्यक्ष कांता नौटियाल से मुलाकात की। इस मौके पर स्थानीय बाजार में चीनी सामान के बहिष्कार पर जोर दिया गया। संस्था द्वारा व्यापार संघ अध्यक्ष को एक पत्र भी सौंपा गया, जिसमें चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के जरिए शहीदों को श्रद्धांजलि देने की बात कही गई है। कहा कि चीनी सामान को अपने बाजारों से हटाकर जहां स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, चीन को भारी आर्थिक नुकसान होगा, जो वैश्विक स्तर पर हमारे देश की बड़ी जीत होगी। विश्व व्यापार संगठन के नियमों से भले ही भारत सरकार चीनी वस्तुओं पर प्रतिबंध नहीं लगा सकती, लेकिन हम लोग अपने स्थानीय बाजारों में चीनी सामान की बिक्री पूर्णतया बंद कर सकते हैं। व्यापार संघ अध्यक्ष ने संस्था को इस कार्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का सुझाव भी दिया। इस मौके पर निखिल ममगाईं, उत्तम सिंह राणा आदि मौजूद थे।