रुद्रप्रयाग। 29 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा को लेकर ऋषिकेश-बदरीनाथ व रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर स्थित सभी होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही सभी को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए कहा गया है। प्रशासन ने होटल की चेकिंग के लिए संयुक्त समिति का गठन किया है, जो यात्राकाल में समय-समय पर जांच करेगी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होटल संचालकों के साथ हुई बैठक में आगामी यात्रा मेें बेहतरीन व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी होटल, लॉज, रेस्टोरेंट व गेस्ट हाउस में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाए। साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से अच्छा व्यवहार करें, जिससे अच्छा संदेश प्रसारित हो। बताया कि जनपद में संचालित होटल की चेकिंग के लिए एक कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी समय-समय पर होटलों की जांच कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रशासन को रिपोर्ट प्रेषित करेगी। डीएम ने सभी होटल संचालकों से ऑन लाइन पंजीकरण के आदेश भी दिए। इस पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि जिले करीब 220 होटल है, जिनमें से 170 व्यवसायियों ने आनॅलाइन पंजीकरण के लिए आवेदन किया था। अभी तक 98 होटल संचालकों को प्रमाणपत्र निर्गत किये जा चुके है। जबकि 72 संचालकों को शेष औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया है। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल, सीडीओ डीआर जोशी, ईओ डीएस राणा, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली आदि अधिकारी मौजूद थे।