रुद्रप्रयाग। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) कैडेट का 50 सदस्यीय दल केदारनाथ पहुंच गया है। यह दल धाम में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लेने के साथ ही उच्च शिखरीय क्षेत्रों में निर्माण कार्य कैसे करे, इस बारे में भी अध्ययन करेगा।
मंगलवार को मेजर रजनीश और मेजर अवनीश के नेतृत्व में दल ने सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए प्रस्थान किया। जंगलचट्टी, भीमबली, रामबाड़ा से लिनचोली, छॉनी कैंप होते हुए दल देर शाम को केदारनाथ पहुंचा। यहां, निम के कैंप में दल रात्रि प्रवास करेगा। बुधवार को केदारनाथ में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में स्थलीय निरीक्षण कर जानकारी लेगा। इधर, निम के प्रभारी हवलदार मनोज सेमवाल ने बताया कि आईएमए का दल चौराबाड़ी और वासुकीताल का भी भ्रमण करेगा। बताया कि 23 मार्च को दल दो टुकड़ियों में विभाजित होकर केदारघाटी के दुर्गम गांवों का भ्रमण के लिए प्रस्थान करेगा। पहला दल त्रियुगीनारायण होते हुए तोषी गांव पहुंचेगा। जबकि दूसरा दल रेल गांव होते हुए जाल मल्ला जाएगा। 24 मार्च को कैडेट गुप्तकाशी व अगस्त्यमुनि में यूथ फाउंडेशन के कैंप में शामिल होकर भर्ती प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को बेसिक जानकारी देते हुए अपने अनुभवों को साझा करेंगे। इसी दिन दल आईएमए देहरादून के लिए रवाना हो जाएगा।