रुद्रप्रयाग। अमर उजाला की ओर से अगस्त्यमुनि ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बष्टी में उत्तराखंड राज्य स्थापना को लेकर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 17 वर्ष के उत्तराखंड विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 5 के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
बुधवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका विजया चमोला ने छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड राज्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में जिलों की संख्या, ब्लाक, तहसील के साथ बच्चों को राज्य बनने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के बारे में भी छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। सहायक शिक्षक दीपक भट्ट व शैलेंद्र गौड़ ने उत्तराखंड आंदोलन के बारे में बताया। इसके बाद छात्रों के लिए 17 वर्ष के उत्तराखंड विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका चमोला ने कहा कि कार्यक्रम से स्कूली बच्चों को उत्तराखंड के बारे में जानने का मौका मिला है। शिक्षक दीपक भट्ट ने बताया कि 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उधर, जीआईसी बरसूड़ी व खेड़ाखाल में भी अमर उजाला द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला, स्लोगन, भाषण, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इस मौक पर प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।