रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग और संपर्क मार्गों में चिह्नित ब्लैक स्पॉट और डेंजर जोन पर क्रश बैरियर, पैराफिट, रिफ्लेक्टर और व्हाइट लाइन की मार्किंग के निर्देश दिए हैं।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने लोनिवि, पीएमजीएसवाई, बीआरओ और एडीबी के अधिकारियों से सड़कों के निर्माण, देखरेख और मरम्मत कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा। मार्गों पर सूचनात्मक, आदेशात्मक रोड चिह्न अनिवार्य रूप से लगाने और सड़कों और पैदल मार्गों पर निकास नाली बनाने को कहा। डीएम ने एआरटीओ और पूर्ति अधिकारी को पेट्रो पदार्थों को ले जाने वाले भारी वाहनों की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान काटने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम सदर मुक्ता मिश्रा, सीओ एसपी बडोला, एसीएमओ डा. ओपी आर्य सहित सड़क कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद थे। ब्यूरो