रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बदरीनाथ हाईवे पर सुमेरपुर में डीजल/पेट्रोल से भरे टैंकर में मानकों के अनुरूप अग्निशमन उपकरण न रखने पर सीज कर दिया। वहीं, अन्य घरेलू रसोई गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण नहीं होने पर प्लांट इंचार्ज को नोटिस जारी किया।
रविवार को प्रात: 10.30 बजे डीएम हरेला कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। पौधारोपण के उपरांत उन्होंने हाईवे पर चमोली जनपद के लिए गुजर रहे पेट्रो पदार्थ से भरे टैंकर को रोकने के निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि वाहन में मौजूद अग्निशमन उपकरण एक्सपायरी डेट के हैं। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उप जिलाधिकारी सदर, मुक्ता मिश्रा को टैंकर सीज करने के निर्देश दिए। चेकिंग के दौरान डीएम की ओर से एक रसोई गैस सिलेंडर को भी रोका गया। ट्रक में एक ही अग्निशमन सिलेंडर पाया गया, जबकि मानकों के अनुसार ट्रक में दो सिलेंडर होने अनिवार्य है, जिस पर डीएम ने संबधित प्लांट हेड को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगने को कहा।