रुद्रप्रयाग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन 207 मरीजों की जांच की गई। इस दौरान अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, ईसीजी और पैथोलॉजी सहित 138 विभिन्न जांचें भी की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में आयोजित शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमा असवाल ने 56, फिजीशियन डॉ. विकास रावत ने 78, ईएनटी डॉ. तस्दीक खान ने 15, नेत्र रोग डॉ. धनेश्वरी ने 18 व डॉ. निधि सेमवाल ने 40 मरीजों का उपचार किया। शिविर में 32 अल्ट्रासाउंड, 51 एक्स-रे, पांच ईसीजी, पांच श्रवण जांच और 45 पैथोलॉजी जांच की गईं। इसके अलावा दो बच्चों का टीकाकरण, छह लोगों के आभा कार्ड और एक आयुष्मान कार्ड भी बनाया गया।
जखोली में शिविर सात से
रुद्रप्रयाग। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सेवा सप्ताह के तहत 7 से 9 जुलाई तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में भी तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। संवाद