रुद्रपुर। सिडकुल की एक कंपनी में मशीन पर काम करने के दौरान श्रमिक करंट की चपेट में आकर झुलस गया। साथी श्रमिक उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूल रूप से बिछपरिया पिसांवा सीतापुर यूपी निवासी हिमांशु पांडे (22) पुत्र अखिलेश पांडे ट्रांजिट कैंप में किराए पर रहकर सिडकुल की जय दुर्गा पैकर्स में काम करता था। मंगलवार को हिमांशु नाइट ड्यूटी में दाना मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान मशीन टूट गई और बिजली तारों की चपेट में आने से हिमांशु भी झुलस गया। पास में काम कर रहे एक श्रमिक ने बिजली सप्लाई बंद कराई और हिमांशु को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता अखिलेश ने बताया कि हिमांशु उनका इकलौता बेटा था और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। डेढ़ माह पहले ही हिमांशु ने उक्त कंपनी में नौकरी शुरू की थी। सूचना पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।