रुद्रपुर। भूरारानी क्षेत्र में रहने वाले मुरादाबाद निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के घर से कुछ दूरी पर उसका शव बरामद किया। पुलिस मौत का कारण नशा और ठंड मान रही है।
मूलरूप से मुरादाबाद के गुलाबबाड़ी निवासी सोहनलाल (40) पुत्र धन्नू सिंह भूरारानी की दुर्गा कॉलोनी में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था। सोहनलाल लंबे समय से बेरोजगार था, जबकि उसकी पत्नी लोगों के घरों में काम कर परिवार चला रही थी।
मंगलवार सुबह क्षेत्र के लोगों ने सड़क किनारे सोहनलाल को बेहोश देखा। पुलिस ने सोहनलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रुद्रपुर कोतवाली के एसआई प्रकाश बिष्ट ने बताया कि सोहनलाल शराब पीने के आदी था। सोमवार को भी सोहनलाल ने दिन भर शराब पी और रात में करीब दस बजे घर से निकल गया। आशंका है कि रात भर खुले में पड़े रहने से सोहनलाल की ठंड लगने से मौत हुई है।