रुद्रप्रयाग। डीएम ने अगस्त्यमुनि ब्लाक के सारी गांव का भ्रमण कर स्वजल व अन्य विभागों के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में पक्की निकास नाली का निर्माण मानकों के तहत नहीं होने पर भी रोष जताया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया ।
बुधवार को जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने एकल पेयजल लाइन व सिंचाई नहर का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों योजनाओं की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने स्वजल द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए गए निर्माण कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। डीएम ने गांव में कंपोस्ट खाद के लिए बने गड्डों के बावजूद ग्रामीणों द्वारा गोबर रास्ते में डालने की शिकायत पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गांव में फैली गंदगी की सफाई की जिम्मेदारी प्रत्येक ग्रामीण की है। उन्होंने ग्रामीणों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित करते हुए प्रत्येक माह श्रमदान करने को कहा। इस मौके पर ग्राम प्रधान दशरथ सिंह नगवाल, ईई त्रिलोक सिंह गुसांई, ईई आरसी उनियाल, दिनेश प्रसाद, बलवीर सिंह बिष्ट, दिनेश सिंह बिष्ट आदि थे।