गुप्तकाशी। केदारनाथ लोक निर्माण ठेकेदार समिति ने सीतापुर में होने वाले आपदा राहत कार्यों के लिए ई टेंडरिंग का विरोध कर प्रदर्शन किया। विधायक मनोज रावत ने भी आंदोलन का समर्थन किया है।
शुक्रवार को सीतापुर में ठेकेदारों ने आपदा मद में पुनर्निर्माण कार्यों की ई-टेंडरिंग का विरोध किया। कहा कि प्रदेश सरकार छोटे ठेकेदारों को बेरोजगार बनाने पर तुली है। ठेकेदारों ने बाजार में जुलूस प्रदर्शन कर धरना दिया। इस मौके पर विधायक रावत ने कहा कि राज्य सरकार दोहरा खेल रच रही है। उन्होंने सिंचाई विभाग सोनप्रयाग, सीतापुर, गौरीकुंड व केदारनाथ में होने वाले निर्माण कार्यों के लिए आमंत्रित ई-निविदाओं को निरस्त की बात कही। कहा, स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं देखी जाएगी। विधायक ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों को निम के बजाय स्थानीय ठेकेदारों को वरीयता से देने की मांग की। संघ के अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी ने कहा कि पांच सूत्री मांगों को लेकर तहसील में ठेकेदार संघ आंदोलनरत हैं। पलायन का रट लगाने वाली सरकार के नुमांइदे ई- टेंडरिंग के जरिये बाहरी ठेकेदारों को कार्य आवंटित कर रहे हैं। उन्होंने बड़ी निविदाओं को छोटी छोटी निविदाओं में बांटने और स्थानीय ठेकेदारों को रोजगार दिलाने की मांग की। इस मौके पर संरक्षक कुलदीप कंडारी, बीरेंद्र सिंह , सतीश मैठाणी, मनोज पांडेय, केदारघाटी रोजगार बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिवाकर गैरोला आदि मौजूद थे।