रुद्रप्रयाग। ज्योतिष पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम चिकित्सालय कोटेश्वर (रुद्रप्रयाग) का संचालन अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधीन होगा। अस्पताल से संबंधित महत्वपूर्ण पत्रावलियां विभाग को स्थानांतरित कर दी गई हैं, जबकि भूमि स्थानांतरण की कार्रवाई के लिए सीएमओ से जिलाधिकारी को पत्र भेजा है।
कुछ वर्षों से ज्योतिष पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम का स्वास्थ्य खराब होने ट्रस्ट ने अस्पताल का संचालन करने में अपनी असमर्थता जताई। बीते अप्रैल में मैनेजिंग ट्रस्टी शिवानंद गिरी ने सीडीओ को लिखित पत्र में अस्पताल को प्रशासन के हैंडओवर करने की बात कही थी। इस पर, प्रशासन ने अपर सचिव चिकित्सा विभाग को पत्र भेजा था। 28 अगस्त को देहरादून में अपर सचिव ने सीएमओ डा. सरोज नैथानी को कोटेश्वर अस्पताल से संबंधित सभी दस्तावेज सौंपे थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर मैनेजिंग ट्रस्ट से मामले में पत्राचार किया गया था। अब सीएमओ को अस्पताल के संचालन का अधिकार प्राप्त हो गया है। अब, अस्पताल परिसर की भूमि विभाग को स्थानांतरण की कार्रवाई की जानी है, जो जिला प्रशासन के माध्यम से होगी। सीएमओ डा. सरोज नैथानी का कहना है कि ज्योतिष पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम चिकित्सालय का संचालन अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के माध्यम से होगा। धर्मार्थ ट्रस्ट का अनापत्ति प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज मिल गए हैं।