रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में आदिगुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल का निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था ने खुदाई कार्य शुरू कर दिया है। इस दिव्य स्थल को डिजायन के हिसाब से भव्य बनाया जाएगा।
जिंदल ग्रुप के सहयोग से वुड स्टोन कंपनी द्वारा यह निर्माण कार्य किया जा रहा है। मंदिर के पीछे भूमिगत बनने वाली समाधि स्थल के लिए खुदाई शुरू कर दी गई है। बीते 7 नवंबर को केदारनाथ पहुंचे पीएम मोदी ने इस कार्य को अपने जीवन का सबसे खास हिस्सा बताया था। इस निर्माण कार्य के लिए पहले चरण में करीब 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इंट्रीग्रेटेड आइडिया कंपनी द्वारा तैयार किए गए डिजायन के आधार पर शंकराचार्य के समाधि स्थल को बनाया जाएगा। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि प्रधानमंत्री से मिले दिशा-निर्देश के तहत समाधी स्थल का निर्माण किया जाएगा। करीब 13 मीटर गोलाई में बन रही समाधि के मध्य में आदिगुरु शंकराचार्य की भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी।