रुद्रप्रयाग। विश्व मजदूर दिवस पर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) से जुड़े मजदूर संगठनों ने जिला मुख्यालय में रैली निकालकर केंद्र सरकार पर श्रम कानूनों को कमजोर करने का आरोप लगाया।
मंगलवार को सीटू के बैनर तले जिले भर के सभी मजदूर संगठनों ने संगम बाजार से रैली शुरू की। संगठन केदारनाथ तिराहा, मुख्य बाजार से प्रदर्शन करते हुए रुद्रा कांप्लेक्स पहुंचा। इससे पूर्व संगम बाजार में सीटू के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह रावत की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री गंगाधर नौटियाल ने मजदूरों के संघर्ष पर विस्तार से जानकारी दी। कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के दबाव में सरकारी उपक्रमों का निजीकरण कर रही है, जो मजदूरों के हितों पर कुठाराघात है। सीटू के जिला महामंत्री वीरेंद्र गोस्वामी ने कहा कि मई दिवस की बदौलत ही देश के मजदूरों के काम के घंटे निश्चित हुए है। कहा कि एक बार फिर से मजदूर दिवस संकट में पड़ता नजर आ रहा है। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार श्रम कानूनों को बदलकर उन्हें कमजोर कर रही है। मौके पर किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य राजाराम सेमवाल, अषाड़ सिंह, जल निगम यूनियन के जिा मंत्री त्रिलोक सिंह, हरीश किमोठी, जय सिंह नेगी, उमेश्वर सिंह, कलम सिंह, जगदीश, हुकम सिंह, विजय सिंह सेत भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ निकाला जुलूस
नई टिहरी। श्रमिक दिवस पर अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन सहित विभिन्न संगठनों ने सुमन पार्क में एक सभा आयोजित कर मजदूर और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जुलूस निकाला। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों के हितों के लिए श्रम कानूनों में बदलाव की तैयारी कर रही है। देश के सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को निजी हाथों में सौंपने की कोशिश की जा रही है, जिससे देश का मजदूर और किसान दिनों-दिन संकटग्रस्त हो रहा है। इस मौके पर विशाल सिंह राणा, चिंतामणी, अर्जुन रावत, नित्यनंद बहुगुणा, लक्ष्मी पंवार, रेखा नकोटी, सुशील प्रसाद उनियाल, हरदेव सिंह रणावत, भगवान सिंह राणा, जगमोहन रांगड़, दयाल सिंह सजवाण, जयप्रकाश पांडेय, ओंकार सिंह नेगी, मनवीर नेगी, मंगलेश चमोली, सुंदरलाल भट्ट, रमेश बिजल्वाण, टीकाराम भट्ट, कुलदीप कुमार, प्यार सिंह रावत, गंभीर सिंह तोपवाल, रोशनी सेमवाल, किशोर जोशी, उत्तम सिंह रावत, सुमेर रावत, सीता रावत आदि मौजूद थे। ब्यूरो
सरकार पर लगाया उपेक्षा का आरोप
पौड़ी। श्रमिक दिवस पर जनपद मुख्यालय के रामलीला मैदान में सीटू के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें श्रमिकों को न्यूनतम वेतन 18 हजार दिए जाने, सामाजिक सुरक्षा, ठेका प्रथा बंद करने सहित श्रमिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इस मौके पर श्रमिक संगठनों से जुड़े लोगों ने केंद्र सरकार पर श्रमिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि सरकार श्रम कानूनों में बदलाव कर पूंजीपतियों के पक्ष में नीतियों का निर्माण कर रही है। साथ ही सार्वजनिक व सरकारी क्षेत्र को निजी हाथों में सौंप रही है। इसका विरोध कर श्रमिकों के हितों की लड़ाई लड़ी जाएगी। सभा में देवानंद नौटियाल, अनीता चौहान, नीमा रावत, रोशनी बिष्ट, टीका प्रसाद पोखरियाल व मंजू उनियाल आदि ने विचार रखे।
सरकार पर लगाया मजदूरों का हक छीनने का आरोप
उत्तरकाशी। एक मई मजदूर दिवस पर ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन (एटक) ने विभिन्न मजदूर संगठनों के साथ बैठक की, जिसमें केंद्र सरकार पर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए मजदूरों का हक छीनने का आरोप लगाया गया। बैठक में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने, सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन देने आदि मुद्दों पर चर्चा की गई।
मंगलवार को कालीकमली धर्मशाला में आयोजित बैठक में एटक के प्रांतीय सचिव महावीर प्रसाद भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार का पूरा ध्यान केवल उद्योगपतियों को मुनाफा दिलाने में लगा हुआ है, जिसके लिए सरकार कानूनों को बदलकर मजदूरों के हक समाप्त कर रही है। बैठक में शिव प्रसाद जोशी, संग्राम लाल शाह, राकेश लाल, नागेंद्र थपलियाल, राकेश असवाल, रमेश जोशी, जगदीश राणा, गंगा सिंह गुसाईं, कमल देई आदि मौजूद रहे।
अंतर राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर निकाली रैली
श्रीनगर। अंतर राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर ट्रेड यूनियन, मजदूर संगठन व छात्र संगठनों ने शहर के मुख्य मार्गों पर रैली निकाली।
मंगलवार को अंतर राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर गोला पार्क में आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार व केंद्र सरकार मजदूरों का उत्पीडन कर रही है। मजदूरों रैली में आइसा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अतुल सती, कूपर सिंह, डीएसओ की भारती जोशी, पूजा आदि मौजूद थे।