रुद्रप्रयाग। जनता दरबार में गलत शिकायत दर्ज कराने के आरोप में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने एक फरियादी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि फरियादी हो चाहे अधिकारी, जो भी गलत होगा, उसके खिलाफ इसी प्रकार से कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर 47 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 29 का मौके पर निस्तारण किया गया।
यहां जनता दरबार में तिनसोली गांव निवासी हरीश ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर हुई सुनवाई में मालूम हुआ कि ग्रामीण द्वारा पूर्व में भी यह शिकायत जनता दरबार में की गई थी। तब एसडीएम सदर व बीडीओ द्वारा निर्माणदायी संस्थाओं के साथ तिनसोली गांव पहुंचकर ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय जायजा लिया गया था। जांच में सभी आरोपी निराधार और तथ्यहीन पाए गए थे। इस पर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने गंभीर रुख अपनाते हुए कहा कि जांच में सब कु छ सही पाए जाने के बाद भी पुन: उसी विषय पर गलत शिकायत करना अनुचित है, जो अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक को हरीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजने के आदेश दिए। जनता दरबार में बच्छणस्यूं के स्यूणी निवासी धर्म सिंह ने खांकरा-खेडखाल-खिर्सू मार्ग निर्माण के दौरान काटी गई चार नाली भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। नारायणकोटी के जसपाल ने व्यवसाय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। दोनों मामलों में डीएम ने लोनिवि व तहसीलदार ऊखीमठ को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ डीआर जोशी, एसडीएम सदर देवानंद, पीडी एनएस रावत, सीओ श्रीधर प्रसाद बडोला, तहसीलदार शालनी मौर्य, श्रेष्ठ गुनसोला समेत विभागीय अधिकारी मौजूद थे।