रुद्रप्रयाग। शहर में पहुंचे फिल्म स्टार रजनीकांत से मिलने के लिए प्रशंसकों की खूब भीड़ उमड़ी। उन्होंने भी सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन कर उन्हें निराश नहीं किया। प्रशंसकों के बीच काफी देर रुकने के बाद वे द्वारहाट के लिए रवाना हो गए।
अभिनेता रजनीकांत ने कई फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। उन्हें वर्ष 2000 में पद्म भूषण और वर्ष 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। रजनीकांत बीते शुक्रवार देर शाम को ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग के सुमेरपुर पहुंचे, यहां वे सचिन होटल में ठहरे। रजनीकांत के रुद्रप्रयाग पहुंचने की सूचना पर होटल के बार प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया था, लेकिन वे किसी से नहीं मिले। रात को उन्होंने कुछ देर होटल के जनरल मैनेजर गौरव जोशी व अन्य स्टाफ से बातचीत की। शनिवार सुबह रजनीकांत होटल के बाहर आए और प्रशंसकों को हाथ जोड़कर अभिवादन किया। कर्णप्रयाग में उन्होंने दूर से संगम के भी दीदार किए। इसके बाद वे साथ में आए पांच लोगों के साथ द्वारहाट के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि वे अपने निजी दौरे पर हैं।