अगस्त्यमुनि। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज चंद्रापुरी का राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर में मंगलवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नाटिका का मंचन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवियों को पुरस्कृत भी किया गया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय हाट में आयोजित शिविर के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान संगठन की अध्यक्ष देवेश्वरी थपलियाल और ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने कहा कि समाज को नई दिशा देने में छात्र-छात्राओं की अहम भूमिका है। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीणों को जहां केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी व जन जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी मिलती है। वहीं साफ-सफाई व अन्य जिम्मेदारियों का एहसास भी होता है। कार्यक्रम प्रभारी स्वयंवर सिंह कंडारी ने सात दिवसीय शिविर में हुए क्रियाकलापों के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर स्वयंसेवी छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर नाटिका का मंचन किया। चित्रानंद मैठाणी, ओपी चमोला, रामचंद्र गोस्वामी, संजू देवी, संगीता देवी, अतीत सिंह आदि मौजूद थे। उधर, जीआईसी क्यूंजा का सात दिवसीय शिविर राप्रावि कणसिल में संपन्न हो गया है। इस दौरान एनएसएस के जिला निरीक्षण जगदीश टम्टा ने शिविर का निरीक्षण कर स्वयं सेवियों से कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अभी तक जीआईसी दैड़ा, चंद्रनगर, भीरी, ल्वारा, चंद्रापुरी सहित जनपद के अधिकांश विद्यालयों के एनएसएस शिविरों का निरीक्षण किया जा चुका है।