रुद्रप्रयाग। राजकीय इंटर कालेज जवाड़ी के औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल को इंटरमीडिएट की छात्राओं ने विद्यालय की जर्जर हालत से अवगत कराया। कहा, सर न बैठने को जगह है और न पीने को पानी, इस हालात में कैसे पढ़ाई करें। उन्होंने शिक्षकों के रिक्त पदों से पढ़ाई में हो रही परेशानी के बारे में बताया।
सोमवार को विद्यालय पहुंचे जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन की जर्जर हालत पर चिंता जताई। इस दौरान पंजीकृत 285 छात्र-छात्राओं में से 78 बच्चे अनुपस्थित मिले। इस पर डीएम ने प्रधानाचार्य और शिक्षकों से कारण पूछा। इसके बाद जिलाधिकारी ने कक्षावार निरीक्षण किया, जिस पर कक्षा 12 की कंचन ने बताया कि उनके विद्यालय में कक्षा कक्ष की कमी, पानी शौचालय की समस्या है, जिस कारण उन्हें खासी दिक्कत होती है। अन्य कई छात्राओं ने भी डीएम को स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए कहा कि व्यवहारिक समस्याओं को जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम का सुझाव दिया। इसके बाद जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय उत्यासू पहुंचे, जहां कक्षा चार के बच्चों ने अंग्रेजी में अपना परिचय दिया। इस दौरान डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया।