रुद्रप्रयाग। ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़े को सफल बनाने के लिए डीएम मंगेश घिल्यिाडल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। ग्राम पंचायतों में आयोजन को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
डीएम ने पंचायती राज, ग्राम्य विकास, स्वजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान आदि विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। कहा कि ग्राम पंचायतों में खुली बैठकों के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों के साथ स्वच्छता श्रमदान आदि कार्यक्रम किए जाएंगे। स्कूली बच्चों की ओर से गांवों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 1 अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक आयोजित पखवाड़े में 63 ग्राम पंचायतों को अंत्योदय मिशन के तहत चयनित किया गया है। इन गांवों को 2 अक्टूबर 2019 तक गरीबी-मुक्त करने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। इस दौरान शिक्षा विभाग द्वारा 10 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं का सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाने के लिए माता-पिता को जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए डीएम ने सभी विभागों को न्याय पंचायत स्तर पर अपने-अपने नोडल अधिकारी नामित करने को कहा। बैठक में डीडीओ एसएस गुंज्याल, एपीडी विमल कुमार, सीएमओ डा. सरोज नैथानी, पीडी एनएस रावत, परियोजना अर्थशास्त्री एमएस नेगी आदि थे।
गिंवाला की महिलाओं ने चलाया सफाई अभियान
अगस्त्यमुनि। ग्राम पंचायत गिंवाला गांव की महिलाओं ने सफाई अभियान चलाकर गांव के पैदल रास्तों व नालियों की साफ-सफाई की।
प्रधान सुषमा देवी के नेतृत्व में गिंवाला गांव की महिला मंगल दल ने सुमाड़ी बाजार से गिवाला गांव तक जाने वाले मुख्य पैदल रास्ते और निकास नाली की सफाई की। प्रधान सुषमा देवी ने बताया कि गांव में प्रत्येक माह इस प्रकार का वृहद सफाई अभियान चलाया जाता है। इस मौके पर विमला देवी, दीपा देवी समेत अन्य महिलाएं मौजूद थी। ब्यूरो