ऊखीमठ। भगवान आशुतोष के 12 ज्योर्तिलिंगों में ग्यारहवें भगवान केदारनाथ की पंचमुखी भोग मूर्ति चल विग्रह उत्सव डोली में विराजमान होकर धाम के लिए रवाना हो गई है। पंचकेदार गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से गुप्तकाशी होते हुए बाबा केदार की डोली पहले पड़ाव फाटा पहुंची, जहां पर आराध्य का भव्य स्वागत किया गया। 28 अप्रैल की शाम को बाबा की डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी और 29 अप्रैल सुबह 6.15 मिनट पर भगवान केदारनाथ के कपाट मेष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद छह माह तक इसी स्थान पर आराध्य की पूजा-अर्चना होगी।
बृहस्पतिवार को पंचकेदार गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में सुबह 6 बजे केदारनाथ धाम के लिए नियुक्त मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने गर्भगृह से बाबा केदार की भोगमूर्ति को सभामंडप में विराजमान किया। यहां पर विधि-विधान के साथ भोगमूर्ति को स्नान कराया गया। इसके बाद मंदिर के वेदपाठी आचार्य विश्वमोहन जमलोकी, यशोधर मैठाणी, नवीन मैठाणी, आशाराम नौटियाल, मृत्योंजय हीरेमठ के वेद-मंत्रोच्चार के बीच पंचमुखी भोग मूर्ति का अभिषेक कर भोग लगाया गया। रावल भीमाशंकर की मौजूदगी में पुजारी शिव शंकर लिंग, राजशेखर लिंग, बागेश लिंग ने डोली का शृंगार कर विभिन्न प्रकार की पूजा-अर्चना की की।
सुबह नौ बजे बाबा केदार की भोगमूर्ति को चल विग्रह उत्सव डोली में विराजमान किया गया। इस मौके पर पूरा मंदिर व क्षेत्र बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद मंदिर के अधिकारी-कर्मचारियों, हक-हकूकधारियों और ग्रामीणों के साथ सैकड़ों भक्तों के बीच बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने ओंकारोश्वर मंदिर की तीन परिक्रमा की। सुबह 9.30 बजे ढोल-दमाऊ, मशकबीन के साथ ही 10-जेएकेलाई (10-जम्मू-कश्मीर लाइट इनफेंट्री) के सूबेदार मदन लाल के नेतृत्व में 14 सदस्यीय बैंड टीम की मनमोहक धुनों के साथ बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने धाम के लिए प्रस्थान किया। स्वामी प्रवणानंद विद्या मंदिर, जीआईसी व कन्या हाईस्कूल सहित कई अन्य स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बाबा केदार के जयकारों के साथ डोली को विदा किया।
भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर परिसर से प्रस्थान करते हुए देवदर्शनी, जयवीरी, विद्यापीठ होते हुए सुबह 11.30 बजे गुप्तकाशी पहुंची। इसके बाद नाला, नारायणकोटी, मैखंडा होते हुए शाम पांच बजे बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली फाटा पहुंची, जहां ग्रामीणों ने डोली का भव्य स्वागत किया।
इस मौके पर केदारनाथ विधानसभा के विधायक मनोज रावत, बीकेटीसी के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी, प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार नौटियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पवाण, जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी, श्रीनिवास पोस्ती, पुष्कर सिंह रावत, शिव सिंह रावत, प्रदीप बगवाड़ी, डोली प्रभारी वाईएस पुष्पवाण, डीपी तिवारी आदि मौजूद थे।