ऊखीमठ। 29 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा में इस बार गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर स्थानीय लोगों की ओर से 32 दुकानों का संचालन किया जाएगा। तहसील परिसर में लॉटरी के जरिए इन दुकानों का आवंटन किया गया है।
उप जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में पैदल मार्ग पर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। दुकानों के लिए प्रशासन को कुल 1064 आवेदन मिले थे। जांच के बाद 26 आवेदन अधूरी कागजी कार्रवाई के कारण रद्द कर दिए गए। बाद में लॉटरी के जरिए 32 दुकानों का आवंटन किया गया। एसडीएम मिश्र ने बताया कि आवंटन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है। दुकान संचालकों को यात्रा शुरू होने तक अपनी दुकानों का संचालन शुरू करने को कहा गया है। इस मौके पर तहसीलदार जयवीर राम बधाणी, पेशकार इयानत हुसैन सिद्दीकी, जिला पंचायत सदस्य राजा राम सेमवाल और संगीता नेगी आदि मौजूद थे।