अगस्त्यमुनि। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर सौड़ी बाजार के समीप पुल में विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को पास देते हुए सामान से लदा ट्रक का पिछला हिस्सा सड़क से बाहर धंस गया। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को हाईवे पर खड़ा किया गया।
शाम करीब साढ़े चार बजे ऊखीमठ जा रहा सामान से लदा ट्रक सौड़ी बाजार में पुल पर विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को क्रास होने के लिए पास देने लगा। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया, जिससे उसका पिछला हिस्सा हाईवे से बाहर की ओर धंस गया और आगे का हिस्सा पेड़ से जा टकराया। हालांकि हादसे में चालक व परिचालक दोनों सुरक्षित हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष सुबोध ममगाईं मय फोर्स मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से वाहन को सीधा कर हाईवे पर खड़ा किया गया। इस दुर्घटना में अगस्त्यमुनि बाजार की पेयजल लाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।