रुद्रप्रयाग। भूस्खलन के कारण ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग घोलतीर के समीप 3 घंटे बंद रहा। जबकि रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग डोलिया मंदिर के समीप 2 घंटे बंद रहा। प्रात: 9 बजे से दोनों राजमार्ग पर यातायात सुचारु है। वहीं दूसरी तरफ लगातार हो रही बरसात से जिले में 9 संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं, जिस कारण कई दूरस्थ गांवों का जिला व ब्लाक मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है।
शुक्रवार देर रात्रि को हुई बारिश से बदरीनाथ हाईवे घोलतीर के समीप नारायणघाटी में पहाड़ी से भूस्खलन के कारण तड़के बंद हो गया था। बीआरओ की ओर से प्रात: 6 बजे से मशीनों से मलबा साफ कर हाईवे को 9 बजे यातायात के लिए खोल दिया गया। उधर, रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे डोलिया मंदिर के समीप देर रात को भारी मलबा आने से बंद हो गया था। एनएच की ओर से शनिवार प्रात: 8.15 बजे मलबा साफ कर यातायात बहाल किया गया। बरसात के कारण दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन व भूधंसाव जोन सक्रिय हो गए हैं, जिससे खतरा बना हुआ है। दूसरी तरफ जनपद में लोनिवि, पीएमजीएसवाई, लोनिवि वर्ल्ड बैंक सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधीन 9 संपर्क मार्ग भी बंद पड़े हैं। जबकि 12 से अधिक ग्रामीण सड़कें अति संवेदनशील हो गई हैं, जिन पर लोग जान हथेली पर रखकर सफर को मजबूर हैं। धनपुर, रानीगढ़ व बच्छणस्यूं क्षेत्र सहित जखोली के पूर्वी बांगर की सड़कों की स्थिति सबसे खराब है। लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से बंद संपर्क मार्गों को खोलने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।